‘टाइम‘ मैगजीन में गहलोत को बताया ‘केटलिस्ट’

भटनेर पोस्ट डॉट कॉम. 
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन ‘टाइम‘ में जगह मिली है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो सहित उनकी योजना के बारे में लेख प्रकाशित किया गया है। समर्थकों को इस बात पर गर्व है कि मुख्यमंत्री के काम की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है। राजस्थान सरकार की इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना, अन्नपूर्णा फूट पैकेट और गिग वर्कर्स के लिए बनाए सामाजिक सुरक्षा कानून को इस पत्रिका में जगह मिली है तो यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। ‘टाइम’ ने लिखा ही नहीं ‘केटलिस्ट‘ अर्थात परिवर्तन लाने वाला भी बताया। स्मार्टफोन योजना के तहत 1 करोड, 40 लाख परिवारों की महिला मुखिया को स्मार्टफोन, तीन साल की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ निशुल्क दिया जा रहा है। योजना के तहत पहले चरण में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल देने की प्रक्रिया जारी है, बाकी महिलाओं को भी जल्द ही मोबाइल मिलेंगे। इसी तरह गिग वर्कर्स के लिए कानून बनाने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है, विश्व के विकसित देशों में इनके लिए कानून बने हुए हैं, उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। भारत सरकार ने इस दिशा में कोई खास काम नहीं किया है, श्रम संहिता तो जारी की है लेकिन बात इससे ज्यादा आगे नहीं बढी, प्रदेशों की बात तो छोड ही दीजिए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की संवेदनशीलता का प्रमाण है कि असंगठित क्षेत्र में कामगारों के लिए, जिनकी आवाज उठाने वाला कोई नहीं था, उनके लिए भी कानून बनाकर 200 करोड रूपए का वेलफेयर फंड भी बनाया। अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना में 1 करोड, 6 लाख जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, सरकार इस पर 392 करोड रूपए खर्च कर रही है। महंगाई के इस दौर में इन परिवारों को इस योजना से बडा सहारा मिला है।
 इन तीन योजनाओं का टाईम में जिक्र है जिसको लेकर जयपुर से लेकर दिल्ली तक जबरदस्त चर्चा चल रही है। आज तक ऐसा नहीं हुआ कि भारत सरकार या किसी राज्य सरकार ने कोई योजना या कानून बनाया और इस मैगजीन में स्थान मिला हो। पत्रकार एके उपाध्याय कहते हैं, ‘राजस्थान के लिए तो यह गर्व की बात है ही, देश के लिए और कांग्रेस के लिए भी कम गौरव की बात नहीं है कि उनके एक मुख्यमंत्री की सोच, नजरिए और काम की विश्वस्तर पर तारीफ हो रही है। इस उपलब्धि को कांग्रेस पार्टी अपने सीने पर सितारे की तरह सजा सकती है।’

Post a Comment

0 Comments