गहलोत-राजे की मुलाकात, तस्वीर हो रही वायरल

भटनेर पोस्ट डॉट कॉम. 
अरसे बाद राजस्थान की राजनीति के दो दिग्गज साथ नजर आए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे। दोनों की मुलाकत उस वक्त हुई जब राजे अपनी पार्टी की अनदेखी से खफा हैं। गहलोत सरकार रिपीट करने की तैयारी में जुटे हैं। तस्वीर में दोनों दिग्गज मुस्कुरा रहे हैं। राजनीतिक गलियारे में इस मुस्कुराहट के मायने तलाशे जा रहे हैं। कैमरे के सामने दोनों नेताओं का इस तरह मुस्कराना जैसे प्रतिद्वंद्वियों पर कहर ढा रहा है। सोशल मीडिया पर गहलोत और राजे की यह तस्वीर वायरल हो रही है। लोग अपने-अपने तरीके से टिप्पणी कर रहे हैं। बता दें, यह तस्वीर 22 सितंबर की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान का लोकार्पण समारोह में शिरकत कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित अन्य मंत्री, विधायक आदि ने भी भाग लिया। दिलचस्प बात है कि नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की खुलकर प्रशंसा की। बकौल राठौड़, ‘ कॉन्स्टीट्यूशन क्लब का उद्घाटन एक यादगार लम्हा है। लोकतंत्र को मजबूत करने में यह क्लब महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा हमारे विचारों के आदान-प्रदान का मंच बनेगा। क्लब निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हैं। उनकी यह सोच पक्ष-विपक्ष के बीच प्रगाढ़ रिश्ता कायम करेगी।’ राठौड़ ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की भी तारीफ करते हुए कहाकि विधान सभा अध्यक्ष द्वारा किए गए नवाचार सराहनीय हैं। जोशी द्वारा स्थापित किए गए कीर्तिमान देश भर में चर्चा का विषय हैं।

Post a Comment

0 Comments