पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे के जयपुर स्थित आवास पर राज्य भर से नेताओं व कार्यकर्ताओं का उमड़ता हुजूम नया नहीं है। वे कार्यकर्ताओं से यूं ही मिलती रही हैं। कार्यकर्ताओं से उनका जुड़ाव ही उन्हें लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचाता रहा है। लेकिन अब यह जुड़ाव विचारधारा से परे ‘व्यक्तिगत’ होता दिख रहा है। इसका प्रमाण है कि शनिवार को दिन भर उनके आवास पर आने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रक्षासूत्र बंधवाकर साथ रहने का भरोसा दिलाया है। ‘रक्षासूत्र और भरोसा दिलाने’ की घटना से आलाकमान अचंभित है।
भाजपा श्रीगंगानगर के वरिष्ठ नेता राजकुमार सोनी कहते हैं कि वसुंधराजे की लोकप्रियता बेमिसाल हैं। वे सबको साथ लेकर चलने वाली नेत्री हैं। यही स्वभाव उन्हें बाकी नेताओं से अलग दिखाता है। इसी वजह से कार्यकर्ताओं का उनसे खास जुड़ाव है। इसलिए राज्य भर से कार्यकर्ता उन्हें आकर आश्वस्त कर रहे हैं कि वे पहले की भांति उनके साथ हैं, कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं।
काबिलेगौर है, राजे ने राज्य भर से आए कार्यकर्ताओं से मुखातिब होकर कहाकि वे राजस्थान छोड़कर कहीं नहीं जाने वालीं। राजस्थान की सेवा करना ही उनका ध्येय है। उन्होंने रक्षासूत्र बंधवाने के बाद नया राजस्थान बनाने का भी संकल्प दोहराया। लिहाजा, सियासी गलियारे में राजे का रक्षासूत्र बंधवाने और नया राजस्थान बनाने के नारे का अर्थ खोजा जा रहा है।

0 Comments