खेल से तन और मन में स्फूर्ति आती है। उल्लास आता है। मन तरोताजा हो उठता है। कॉन्सेप्ट क्लासेज ने इसी मकसद से दो दिवसीय खेल उत्सव का आयोजन किया। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज खेल मैदान में हुए आयोजन में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, हैण्डबॉल, कैरम, बैडमिटन, 200 मीटर, तीन टांग दौड़, टेबल टेनिस सहित कई खेलों के आयोजन हुए। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कॉन्सेप्ट क्लासेज के डायरेक्टर सतनाम सिंह कहते हैं, ‘खेल शैक्षणिक जीवन का अहम हिस्सा है। विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी विशेष महत्व है। विद्यार्थियों के समग्र विकास में मदद करने के साथ-साथ जीवन में सफल और स्वस्थ रहने के लिए खेल आवश्यक है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। यही वजह है कि लगातार संस्थान की ओर से खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन कराए जाते हैं।’
डायरेक्टर सतनाम सिंह ने स्वामी विवेकानंद के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा कि नौजवानों को धार्मिक स्थान के बदले मैं खेल के मैदान में देखना चाहता हूं। हमारे युवा फौलादी और मजबूत हों। उन्होंने कहा कि हमारे युवा विवेकानंद के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करें। युवा खेल और पढ़ाई में मन लगाएंगे तो जाहिर सी बात है कि वह कई दुर्गुणों से दूर हो जाएंगे।
व्याख्याता श्रवण यादव व ललित भटेजा ने कहा कि विद्यार्थियों में अनुशासन और एकजुटता की भावना पैदा करने के लिए खेल अहम भूमिका अदा करता है। खेलों से ना केवल शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास में भी खेल की रचनात्मक भूमिका बनती जा रही है। ऐसे में ऐसे आयोजन अहम हो जाते हैं।
खेल महोत्सव को सफल बनाने के लिए सतनाम सिंह, श्रवण सिंह और ललित भटेजा ने बेबी हैप्पी मॉर्डन शिक्षा समिति के चेयरमैन आशीष विजय, सचखण्ड स्कूल के व्यवस्थापक मलकीत सिंह मान व हॉकी कोच हरवीर सिंह का आभार जताया। आयोजन को सफल बनाने में पूनम, विशाल, बजरंग, अजीत, जयकिशन, तलविंदर, सजन, पूजा शर्मा, पूजा शेखावत, सुरेंद्र, रोहित, जगमीत, प्रियंका व अन्य स्टॉफ सदस्यों का सहयोग रहा।

0 Comments