माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य व पूर्व सांसद वृंदा करात ने हनुमानगढ़ जिले के नोहर में पार्टी प्रत्याशियों मंगेज चौधरी और बलवान पूनिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। वृंदा करात बोलीं-‘मोदी सरकार ने किसानों व देश की भावनाओं पर बुलडोजर चलाये हैं। नरेन्द्र मोदी ने केवल और केवल पूंजीपतियों को आगे बढ़ाने का काम किया हैं। मोदी सरकार पूंजीपतियों का कर्जा तो माफ कर सकती हैं। मगर किसानों का कर्जा माफ नही कर सकती। मोदी सरकार ने भाषण में कहा था कि मैं झुकूंगा नहीं, लेकिन अडानी-अंबानी की गिरफ्त में आकर उनके आगे झुककर तीन काले कानून पारित कर दिए।’
करात आम जन से मुखातिब होकर बोलीं-‘जब वोट देने जाएं तो 2020 का 25 नवंबर याद रखें। कृषि कानूनों के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन आज भी हर भारतीय के जेहन में जिंदा है। आज भी देश का किसान परेशान है। उन्हें उपज का सही मोल नहीं मिल रहा वहीं पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। पूंजीवादी की सरकार ने पूंजीपतियों को हजारों करोड़ की लूट की छूट दे रखी हैं। जबकि देश के किसानों का लगातार सरकार की गलत नीतियों के कारण शोषण हो रहा हैं। पूंजीपतियों के साथ केन्द्र सरकार गठजोड़ करके देश कि किसानी को खत्म करने पर तुली हैं। मगर देश के किसानों की एकता ने मोदी सरकार को घुटनों के बल ला दिया।’
मोदी सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में पूंजीपतियों की लूट के कारण गरीब और गरीब होता जा रहा है। किसानों की फसल बीमा का प्रीमियम तो टाइम से कट जाता है। लेकिन जब फसल खराबा होता है तो बीमा कम्पनी नये-नये नियम व बहाने बनाकर किसानों का बीमा क्लेम डकार जाती हैं। सरकार ने अपनी चेहती कम्पनियों को बीमा के नाम पर करोड़ों रुपये दिये हैं।
वृंदा करात ने कहा कि बीमा कंपनियों ने अन्य राज्यों की तरह राजस्थान को लूटना चाहा। लेकिन किसान सभा ने किसानों के हक के लिए आगे आकर बीमा कम्पनियों को धूल चटाई। इसी के कारण बीमा क्लेम कम्पनियों को बांटना पड़ा। इस मौके पर माकपा के बलराम शर्मा, पार्षद इरफान रावण, आरीफ रावण, माकपा सचिव सुरेश स्वामी, रिद्धकरण कस्वां, पंस सदस्य सरजीत बेनीवाल, राजेश डूडी, रणवीर खिंची सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद मुख्य मार्गों से रैली निकाली गई।
भाजपा-माकपा को नकारेगी जनता: चौधरी
माकपा प्रत्याशी मंगेज चौधरी ने कहा कि नोहर विधानसभा कि जनता इस बार भाजपा कांग्रेस दोनो को नकारेगी। मंगेज ने कहा कि संघर्ष के बलबुते पर उन्होंने जनता के दिलो मे जगह बनाई है। नोहर मे इस अप्रत्याशित चुनाव परिणाम आएगे। भादरा विधायक बलवान पूनिया ने कहा कि राजस्थान मे माकपा इस बार इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस-भाजपा की बंदरबांट को आमजन मुहंतोड़ जवाब देगा।
0 Comments